आदिवासी विधवा के साथ की छेड़खानी, विरोध करने पर आंख फोड़ी, थाने में प्राथमिकी

रामगढ़ : रामगढ़ थाना क्षेत्र के लोधमा गांव में एक आदिवासी विधवा के साथ पहले दुष्कर्म करने का प्रयास किया गया। इसके बाद विरोध किया तो आरोपित युवक ने उसकी एक आंख ही फोड़ दी।
बुधवार की सुबह पीड़िता आदिवासी छात्र संघ के सदस्यों के साथ रामगढ़ थाने पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। पीड़िता के मुताबिक पांच साल पहले उसके पति का निधन हो गया है। गांव के अनिल यादव नामक युवक उस पर बुरी नजर रख रहा था। गत 25 सितंबर की देर रात अनिल यादव अचानक उसके घर के पास पहुंचा और दरवाजा पीटने लगा। दरवाजा खुलते ही वह सीधे विधवा महिला पर झपट पड़ा। पहले उसने बलात्कार करने की कोशिश की।
महिला की शोर सुनकर घर के सदस्यों की आंख खुल गई। तब अनिल यादव ने उसपर टांगी से वार कर दिया। इस हमले में उसकी दाएं तरफ की एक आंख फूट गई। उसकी नाक और सिर पर भी गंभीर चोटें आई हैं। पीड़िता को तत्काल रामगढ़ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया। रिम्स में करीब एक महीने तक उस महिला को चिकित्सकों ने भर्ती रखा। जब चिकित्सकों ने उन्हें डिस्चार्ज किया, तब जाकर महिला रामगढ़ थाने पहुंची। रामगढ़ थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रोहित कुमार महतो ने बताया कि जैसे ही थाने को घटना की सूचना मिली तत्काल पुलिस टीम को लोदमा गांव में भेजा गया। आरोपित युवक अनिल यादव को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। वह फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।
साभार : दैनिक जागरण
नोट : यह समाचार मूलरूप से www.jagran.com में प्रकाशित हुआ है. मानवाधिकारों के प्रति संवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित किया गया है !